जोग जलप्रपात,jog waterfalls

जोग जलप्रपात : राजा, रॉकेट, रोरर और रानी प्रपातों के समूह की शक्ति

दीपिका त्रिपाठी

मूह की शक्ति क्या होती है, यह समझना है तो महाराष्ट्र की सीमा पर बसे कर्नाटक के शिवमोगा (शिमोगा) जिले जाना होगा। यहीं पर है चार छोटे-छोटे प्रपातों से मिलकर बना जोग जलप्रपात जिसे जेरसप्पा जलप्रपात भी कहते हैं। शरावती ( शिरावती ) नदी यहां जब चार छोटे प्रपातों- राजा, रॉकेट, रोरर और रानी के रूप में 253 मीटर की ऊंचाई से पूरे वेग के साथ नीचे छलांग लगाती है तो रचना होती है जोग जलप्रपात की। औसत 472 मीटर चौड़ाई वाला यह झरना न केवल भारत का दूसरा सबसे बड़ा जलप्रपात है बल्कि सबसे सुन्दर झरनों में भी शामिल है। मानसून के मौसम में इसकी गर्जना दूर तक सुनायी पड़ती है।

पहला प्रपात जिसे राजा कहते हैं, का पानी 253 मीटर ऊंचाई से 132 फुट गहरे कुंड में गिरता है। पर्यटक ऊपर से इस अतल गड्ढ़े को देख सकते हैं। दूसरे प्रपात यानि रॉकेट के फेनिल जल का तीव्र प्रवाह घुमावदार मार्ग से होता हुआ एक गुहा में पहुंचता है, जहां से वह राजा प्रपात के कटाव में गिर जाता है। तीसरा प्रपात रोरर कुछ दक्षिण की तरफ हटकर है। इसमें से जल की धारा फेन के रूप में झटके के साथ निरंतर निकलती रहती है और रंग-बिरंगे चमकीले बिंदुओं में बिखरकर नीचे गिरती है। इसके भी दक्षिण चौथे प्रपात रानी की फीते के समान पानी की चादरों का सिलसिला है, जो शिला की ढालवां सतह से नीचे गिरती हैं। जोग जलप्रपात का पानी जहां गिरता है, वहां तक पहुंचने का मार्ग काफी कठिन है लेकिन इसके अद्भुत सौन्दर्य का पूरा आनन्द वहां तक पहुंच कर ही मिल सकता है।

पर्यटकों के लिए मौसम

मानसून के मौसम में जब शरावती नदी भरपूर पानी के साथ पूरे वेग से बहती है तो यह जलप्रपात पूरे यौवन पर होता है। इसे देखने का असली आनन्द इसी मौसम में है। पर्यटकों के लिए यह सुबह 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक खुला रहता है।

लिंगनमाकी बांध जोग जलप्रपात से लगभग छह किमी और तुंगा एनीकट बांध करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित है। डब्बे जलप्रपात और अनचाही जलप्रपात भी यहां से ज्यादा दूर नहीं हैं। पास में ही टाइगर रिज़र्व भी है।

जोग जलप्रपात कैसे पहुंचें?

यह जलप्रपात शिमोगा जिला मुख्यालय से करीब 95 किलोमीटर दूर है। बेंगलूर-शिमोगा-सागर-जोग मार्ग पर यह बेंगलूर से 415 किमी पड़ता है। सिद्धपुर यहां से 21 किलोमीटर जबकि  होन्नावर 56 किलोमीटर है। शिमोगा जिले का थलगुप्पा यहां का निकटतम रेलवे स्टेशन है। मेंगलूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा यहां का निकटतम एयरपोर्ट है जो करीब 215 किमी पड़ता है जबकि बेंगलूर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा यहां से 437 किमी दूर है।


Comments

One response to “जोग जलप्रपात : राजा, रॉकेट, रोरर और रानी प्रपातों के समूह की शक्ति”

  1. Pradeep Kumar Avatar
    Pradeep Kumar

    Great and Amazing Sight,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *